Friday 11 March 2016

2100 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

मुजफ्फरनगर। टाउन हाल के मैदान में श्रीराम कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा वाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि भगवान राम के आदर्शों को जीवन में उतारने से ही मानव कल्याण संभव है।


श्री राम कथा आयोजन समिति के तत्वाधान में शनिवार को श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। टाउन हाल के मैदान में सुबह यज्ञ हवन हुआ। मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने पूजन कराया। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में ग्रहण करने से ही मानव का कल्याण होगा।

पूजन के बाद मंगल कलश यात्रा शुरू हुई। 2100 महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर यात्रा में शामिल हुई। बैंडबाजों और धार्मिक झांकियाें के साथ निकाली गई यह कलश यात्रा सदर बाजार, कोर्ट रोड, झांसी की रानी चौक, हनुमान मंदिर रोड, शिव चौक से होती हुई कथा स्थल टाउन हाल के मैदान पर पहुंच कर समाप्त हुई।

यात्रा में कीर्तन मंडली श्रीराम की महिमा का गुणगान करती चल रहे थी। पीछे रथ में कथा वाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज सवार थे। कथा स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान और मंत्रों के बीच विधि-विधान से कलशों की स्थापना की गई। दुपहर तीन बजे श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ।

कथा वाचक ने भगवान श्रीराम के भाईयों समेत जन्म की कथा का प्रसंग सुनाया। यहां पर 27 सितंबर तक प्रतिदिन दुपहर को श्रीराम कथा की अमृत वर्षा होगी।

धार्मिक आयोजन में कपिलदेव अग्रवाल, फूलचंद कंसल, ओमकार सिंह, विकास भार्गव, कुलदीप गोयल, शिशु कांत गर्ग, बिजेंद्र सिंघल, भूदेव सिंह, विजय शुक्ला, नवीन बंसल, नवनीत कुच्छल, सुनील सिंघल, प्रमोद कुमार, सतीश सेठी, बिजेंद्र पाल, पवन छाबड़ा आदि शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment